यमुना नदी में हरियाणा-यूपी सीमा पर पिलर लगाने के काम में तेजी के निर्देश
हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को वीसी से डीसी के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रशिक्षित राजस्व कर्मियों को फील्ड में सक्रिय करने और आवश्यकतानुसार सेवानिवृत्त अधिकारियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।...
हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को वीसी से डीसी के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रशिक्षित राजस्व कर्मियों को फील्ड में सक्रिय करने और आवश्यकतानुसार सेवानिवृत्त अधिकारियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। डीसी डॉ. विरेंद्र दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को जिले में प्रभावी रूप से लागू करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। हर अधिकारी तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करे और आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिये। कोई भी पेंडेंसी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने सरकारी भूमि की नामावली में पाई गई त्रुटियों पर तत्काल सुधार करने के आदेश दिए और म्यूटेशन तथा फर्द-बदर रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट कर आमजन को सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक और यमुना नदी में दोनो प्रदेशों की सीमा रेखा पर पिलर लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार पानीपत जिला की सीमा में यमुना नदी में हरियाणा-यूपी सीमा रेखा पर 202 बड़े पिलर लगाए जाने हैं। अभी तक 105 पिलर लग चुके हैं। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीआरओ कंलब लाकड़ा, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, सौरभ शर्मा व सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

