बुढ़ापा पेंशन को लेकर 20 को पंचकूला में प्रदर्शन करेगी इनेलो
इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता अर्जुन सुढ़ैल ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए बनाई थी, उसे भाजपा सरकार शर्तें लगाकर काटने में लगी है। एक लाख से ज्यादा बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई...
इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता अर्जुन सुढ़ैल ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए बनाई थी, उसे भाजपा सरकार शर्तें लगाकर काटने में लगी है। एक लाख से ज्यादा बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि 1 नवंबर से 3200 रुपए पेंशन देंगे, लेकिन इसे बढ़ाना तो दूर उलटा सरकार पेंशन काटने में लगी है। बुढ़ापा सम्मान पेंशन को लेकर इनेलो 20 फरवरी को पंचकूला में विरोध प्रदर्शन करेगी जिसमें हजारों की तादाद में बुजुर्ग, पार्टी के पदाधिकारी और वर्कर्स शामिल होंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
सुढ़ैल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मीडिया में अपनी कमी बताने की बजाय उलटा विपक्ष पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने किसी की पेंशन नहीं काटी है तो गांवों में प्रचार क्यों किया जा रहा है कि अपने सर्टिफिकेट जमा कराएं। उन्होंने भाजपा सरकार से बिना शर्त बुजुर्गों को पेंशन देने की मांग की। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि हैरानी की बात है कि कांग्रेस वाले भी पेंशन पर बयान दे रहे हैं, जिन्होंने खुद शर्तें लगातार पेंशन काटी थी। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं जब एक विधायक सांसद और राज्यसभा सदस्य बनता है तो उसे तीनों पेंशन मिलती है। ऐसे ही रिटायर अधिकारियों को भी पेंशन और सुविधाएं मिलती हैं तो बुजुर्गों की पेंशन क्यों काटी जा रही है।

