बच्चों को अच्छे संस्कार और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें : अत्री
उचाना के हनुमान मंदिर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उचाना के लितानी रोड स्थित हनुमान मंदिर में हड्डी एवं हृदय रोगों की जांच के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्यातिथि के रूप में उचाना के भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने शिरकत की। विधायक ने शिविर का मुआयना किया और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं व डॉक्टर की टीम द्वारा की जा रही जांच का जायजा लिया।
विधायक अत्री ने महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि इन दोनों महान विभूतियों की जयंती पर हम सबको उनके बताए गए सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रप्रेम के मार्ग पर चलने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से पूरी तरह दूर रहें और बच्चों को उनके जीवन की शुरुआत से ही अच्छे संस्कार दें। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त भारत’ के सपने को साकार करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के दौर में यह बेहद जरूरी है कि बच्चों को मोबाइल और गलत संगत से दूर रखकर खेलकूद, योग, स्वास्थ्य और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। ग्रामीण अंचल में भी युवाओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। शिविर के दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुरेंद्र खरक भूरा और पूर्व मंडी प्रधान सत्यनारायण मखंड मौजूद रहे।

