कार्रवाई नहीं हुई तो पोटली गांव के किसान 14 जनवरी को खुद बना देंगे रास्ता
खेतों में जाने के लिए रास्ते की मांग को लेकर दी चेतावनी भारतीय किसान यूनियन की जिला कार्यकारणी की बैठक शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष दीपराणा नंबरदार ने की। बैठक में जिला अध्यक्ष...
खेतों में जाने के लिए रास्ते की मांग को लेकर दी चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन की जिला कार्यकारणी की बैठक शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष दीपराणा नंबरदार ने की। बैठक में जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि पोटली गांव में किसानों के रास्ते को लेकर प्रशासन से लगातार चार महीनों से बातचीत हो रही है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। 13 जनवरी को यह मुद्दा पूरे चार महीने का हो जाएगा। प्रशासन की ओर से केवल झूठे आश्वासन दिए गए हैं।
किसानों ने मुख्यमंत्री से भी इस मुद्दे को लेकर मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया था कि नाले और किसानों के खेतों के रास्ते हाईवे वाले बंद नहीं कर सकते। इसके बावजूद प्रशासन किसानों की मांगों की अनदेखी कर रहा है। सुभाष गुर्जर ने चेतावनी दी है कि 14 जनवरी को भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के नेतृत्व में किसान अपनी कस्सियों से खुद रास्ता खोलेंगे, और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। गुर्जर ने कहा कि किसान किसी भी बलिदान के लिए तैयार हैं और किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेंगे।
इस मौके पर यूनियन के मानसिंह मजाफत, सुखदेव सिंह टीब्बी, कुलविंदर सिंह सिद्धू, सुभाष हरतोल, देवेंद्र रूलाखेड़ी, विनोद गुर्जर तेलीपुरा, दलबीर कैल, राजीव तेजली, करण सिह, शिवचरण सहित कई किसान मौजूद रहे।

