लापरवाही मिली तो अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई : असीम गोयल
धूलकोट हादसा : भाजपा नेता व पूर्व मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि धूलकोट भवन हादसे की जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों की जान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
गोयल मंगलवार को नागरिक अस्पताल, अम्बाला शहर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उपचाराधीन लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अपनों को खोने वाले परिवारों की क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री लगातार राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते रहे।
गोयल ने राजनीतिक दलों और आमजन से अपील की कि हादसे पर राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हों। उन्होंने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि संवेदना और सहयोग का है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, मेयर अक्षिता सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

