सर्वाइकल कैंसर से बेटियों का बचाव करेगा एचपीवी वैक्सीन का सुरक्षा कवच : नायब
प्रदेशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
गांव बरोट में 3.68 करोड़ से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन देश की बेटियों के आत्मविश्वास और स्वास्थ्य की ढाल बनेगी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है, जिसका उद्देश्य बेटियां को सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाना है। मुख्यमंत्री शनिवार को लाडवा की श्रीराम कुंडी धर्मशाला में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित प्रदेशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अभियान का आगाज किया और पात्र बेटियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री के समक्ष 5 बेटियों और स्वास्थ्य केन्द्र में 35 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाया।
सीएम सैनी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में सबसे ज्यादा होने वाला दूसरा कैंसर है। वैज्ञानिक शोध के बाद विकसित यह वैक्सीन एचपीवी वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है। एचपीवी वैक्सीन विश्व के 160 से अधिक देशों में लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में आने वाले 3 महीने में 14 वर्ष की आयु पूर्ण करने और 15 वर्ष की आयु से कम की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह निशुल्क वैक्सीन पहुंचाई जाएगी। निजी क्षेत्र में हजारों रुपये में उपलब्ध यह टीका सरकार निशुल्क प्रदान कर रही है। वहीं मुख्यमंत्री ने गांव बरोट में 3 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन केवल योजनाएं बनाना नहीं है बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। यह एचपीवी टीकाकरण अभियान भी इसी अभियान का एक सशक्त उदाहरण है। बल इंजन सरकार जिला मुख्यालय के अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, स्वास्थ्य विभाग के एमडी डॉ. आरएस ढिल्लों, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, जयभगवान शर्मा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, नपा अध्यक्षा साक्षी खुराना, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. विरेन्द्र यादव व सीएमओ डाॅ. सुखबीर सिंह मौजूद रहे।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि टीकाकरण का ऑनलाइन पंजीकरण 'यू विन पोर्टल' पर किया जाएगा और प्रत्येक बालिका को डिजिटल टीकाकरण प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कैंसर के तीसरे व चौथे चरण के रोगियों को 3200 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 5807 कैंसर रोगियों ने इस योजना का लाभ उठाया है। प्रदेश सरकार की सोच है कि एक स्वस्थ बेटी ही सशक्त महिला बनती है और एक सशक्त महिला ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करती है।

