पंचकूला भूखंड मामले में हाईकोर्ट का फैसला ऐतिहासिक : विर्क
कांग्रेस नेता सतनाम सिंह विर्क ने पंचकूला भूखंड आवंटन प्रकरण में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए निर्णय को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने इसे सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत करार देते हुए कहा कि न्यायालय ने पूर्व मुख्यमंत्री...
कांग्रेस नेता सतनाम सिंह विर्क ने पंचकूला भूखंड आवंटन प्रकरण में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए निर्णय को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने इसे सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत करार देते हुए कहा कि न्यायालय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा व एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को सभी आरोपों से पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया है। न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि उपलब्ध अभिलेखों में ऐसा कोई ठोस या विश्वसनीय प्रमाण मौजूद नहीं है, जिससे किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य की पुष्टि की जा सके।
विर्क ने कहा कि यह फैसला उन राजनीतिक आरोपों का करारा जवाब है, जो वर्षों से दुर्भावना से प्रेरित होकर लगाए जा रहे थे। विर्क के अनुसार, यह निर्णय साबित करता है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते लगाए गए निराधार आरोप अंततः न्याय की कसौटी पर विफल हो जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले से न्यायपालिका की निष्पक्षता और स्वतंत्रता एक बार फिर सिद्ध हुई है। विर्क ने विश्वास जताया कि इस निर्णय के बाद भूपेंद्र हुड्डा की सार्वजनिक छवि और अधिक सशक्त होकर उभरी है, जिससे प्रदेश की जनता का उनके नेतृत्व में भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता।

