11 साल में विकसित नहीं, बर्बाद हुआ हरियाणा : रणदीप सुरजेवाला
युवा मिलन समारोह पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के गांव जांबा में युवा कांग्रेस नेता जस्सा जांबा द्वारा आयोजित युवा मिलन समारोह में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। समारोह में बड़ी संख्या में...
युवा मिलन समारोह
पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के गांव जांबा में युवा कांग्रेस नेता जस्सा जांबा द्वारा आयोजित युवा मिलन समारोह में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। समारोह में बड़ी संख्या में जुटे युवाओं को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा शासन के 11 वर्षों में हरियाणा विकसित नहीं बल्कि पूरी तरह बर्बाद हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वर्षों में भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों को लूटा और उन्हें अंधकार की ओर धकेल दिया। उन्होंने युवाओं से जुड़े तीन बड़े मुद्दों नशा, बेरोजगारी और मजबूरी में विदेश पलायन को भाजपा शासन की सबसे बड़ी विफलताएं बताया।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि अब हरियाणा का युवा जाग चुका है। 11 साल सच देखने के लिए काफी हैं। अब समय है बदलाव का और हिसाब मांगने का। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुदीप सुरजेवाला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांडा, हरियाणा युवा कृषक समाज के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र जागलान, आयोजक जस्सा जांबा, राजेश संदलाना, सतीश तेजली, रामपाल बरसाना, कुलदीप जांबा, रामफल मोहना, सुभाष खेड़ी, नवीन गोरा, रामपाल मुंदड़ी, जयपाल शर्मा, विक्रम, शीशपाल करोड़ा, ऋषिपाल जांबा, रामचन्द्र जांबा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गैर हरियाणवियों को दी जा रही सरकारी नौकरियां : गुर्जर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ने कहा कि 70 से 80 प्रतिशत सरकारी नौकरियां गैर-हरियाणवियों को दी जा रही हैं। जिससे प्रदेश के स्थानीय युवा खुद को ठगा और हाशिए पर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएचडी और उच्च शिक्षित युवा भी चपरासी जैसे पदों के लिए आवेदन करने को मजबूर हैं, जो सरकार की नीतियों की विफलता को उजागर करता है।

