आधी रात को बरसे ओले, गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान
क्षेत्र में शनिवार-रविवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और आधी रात को तेज ओलावृष्टि हुई। करीब 8 से 10 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में सफेदी छा गई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई तो वहीं किसानों की...
क्षेत्र में शनिवार-रविवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और आधी रात को तेज ओलावृष्टि हुई। करीब 8 से 10 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में सफेदी छा गई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई तो वहीं किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ, जबकि सरसों की फसल पर ओलों का ज्यादा असर पड़ा है। सब्जियों की फसलें भी ओलावृष्टि की चपेट में आई हैं, आलू में करीब 30 प्रतिशत का नुकसान बताया जा रहा है, वहीं टमाटर को भी नुकसान है।
कृषि विभाग के अनुसार गेहूं की फसल में 10 से 15 प्रतिशत और सरसों की फसल में 25 से 30 प्रतिशत तक नुकसान होने का अनुमान है। घरौंडा के खंड कृषि अधिकारी डाॅ. राहुल दहिया ने बताया कि ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसलों को 10 से 30 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र का सर्वे करवाया जाएगा, ताकि वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जा सके। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अभी बरसात का मौसम है, इसलिए फसलों में सिंचाई न करें। वहीं मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में आसमान साफ होने पर रात के तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।

