ज्ञानेश कुमार को बनाना चाहिए भाजपा का अध्यक्ष, उसके लिए ही कर रहे काम : दीपेंद्र हुड्डा
पानीपत ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन
बरसत रोड स्थित बैंकवेट हाॅल में शुक्रवार को ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा मौजूद रहे। इस अवसर पर कथित वोट चोरी के विरोध में भाजपा पर भड़ास निकाली गई और भाजपा और चुनाव आयोग में मिलीभगत का आरोप लगाया गया। सम्मेलन में सभी नेताओं का पानीपत ग्रामीण से प्रत्याशी रहे सचिन कुंडू व जिला अध्यक्ष रमेश मलिक आदि नेताओं ने स्वागत किया।
दीपेन्द्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हर दांवपेंच अपनाकर हरियाणा समेत प्रत्येक प्रदेश में वोट चोरी का खेल चला। सीईसी ज्ञानेश कुमार को भाजपा का अध्यक्ष बनाना चाहिए क्योंकि काम वो भाजपा के लिए कर रहे हैं। वोटों की गिनती के दिन कांग्रेस पार्टी ने 90 में से 75 सीटों पर पोस्टल बैलेट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की लेकिन हरियाणा में वोट चोरी ही नहीं, पूरी सरकार चोरी की गई है। इस खेल की पोल 2 चुनाव आयुक्तों ने ही खोल दी। उन्होंने कहा कि कल ही गेहूं का एमएसपी घोषित हुआ और 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढोत्तरी हुई। 2006-2007 में कांग्रेस सरकार ने एक साल में 600 रुपये से बढ़ाकर 850 रुपये एमएसपी कर दिया। एक साथ 250 रुपये बढ़ाये और 100 रुपये का अलग से बोनस हरियाणा की हुड्डा सरकार ने घोषित किया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2024 में किसानों को पीआर धान का 3100 रुपये का भाव देने का वादा किया था लेकिन आज तक 3100 रुपये की एमएसपी डिक्लेयर नहीं हुई। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने 12 साल में प्रदेश के नौजवान का भट्ठा बैठा दिया। पक्की सरकारी नौकरी खत्म कर दी। एचकेआरएन के जरिये कच्ची नौकरी बना दी। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अभी तक जितने भी मेडल देश के खाते में आए हैं उनमें से 60 प्रतिशत हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं या टीम के रूप में उनका योगदान है। एक बार फिर साबित हो गया है कि दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ाने में हरियाणा के खिलाड़ी नंबर एक पर हैं। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ खेल गुजरात की बजाय हरियाणा में होने चाहिए।

