धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करवाए सरकार : रतनमान
सोनीपत महापंचायत में उठायेंगे धान खरीद सहित उठेंगे किसानों के मुद्दे
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने प्रदेश सरकार से चालू धान खरीद सीजन में सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की औपचारिक घोषणा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धान उत्पादक किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अनाज मंडियों में खरीद, उठान और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं।
मंगलवार को दीनबंधु सर छोटूराम किसान भवन में भाकियू की जिला इकाई की मासिक किसान पंचायत को संबोधित करते हुए रतनमान ने कहा कि धान खरीद को लेकर सरकार को स्पष्ट नीति और पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि खरीद व्यवस्था में लापरवाही हुई तो किसानों में रोष बढ़ सकता है और सरकार को इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
पंचायत की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव सुरेंद्र सिंह बेनीवाल ने किया। रतनमान ने कार्यकर्ताओं को सोनीपत में होने वाली किसान महापंचायत में भागीदारी की जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने बताया कि महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह सहरावत सहित कई किसान नेता किसानों को संबोधित करेंगे।
इस दौरान प्रेमचंद शाहपुर, श्याम सिंह मान, धर्म सिंह मोहड़ी, राजकुमार नौतना, रमेश बड़सत, रणबीर कत्लाहेड़ी, राजेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

