चमार समाज को लेकर स्थिति स्पष्ट करे सरकार : राजेंद्र बल्ला
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं हरियाणा पुलिस भर्ती बोर्ड के पूर्व सदस्य राजेंद्र बल्ला ने चमार समाज की पहचान को मेघवाल नाम से जोड़ने संबंधी चर्चाओं पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री...
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं हरियाणा पुलिस भर्ती बोर्ड के पूर्व सदस्य राजेंद्र बल्ला ने चमार समाज की पहचान को मेघवाल नाम से जोड़ने संबंधी चर्चाओं पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह किया कि वह स्वयं मीडिया के सामने आकर इस विषय में सरकार की नीति स्पष्ट करें।
बल्ला ने कहा कि इस मुद्दे पर अलग-अलग बयान सामने आने से समाज में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। यदि सरकार की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि इस संबंध में चर्चा या प्रक्रिया की शुरुआत कहां से हुई। उन्होंने पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार के बयानों का उल्लेख करते हुए भी कहा कि संवेदनशील विषय पर मुख्यमंत्री की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने आना उचित होगा।
उन्होंने कहा कि चमार समाज की पहचान उसके ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भों से जुड़ी है और समाज अपनी पहचान को लेकर सजग है। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी वाणी समानता, मानवता और सामाजिक न्याय का संदेश देती है।
बल्ला ने कहा कि सरकार को ऐसे विषयों पर समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट संवाद करना चाहिए। साथ ही शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देना चाहिए।

