रसोई गैस बढ़ोतरी से सरकार ने जनता पर डाला बोझ : सुरजेवाला
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार में लगातार बढ़ती रसोई गैस की कीमतें आमजन के लिए भारी बोझ बन गई हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 115...
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार में लगातार बढ़ती रसोई गैस की कीमतें आमजन के लिए भारी बोझ बन गई हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 115 रुपये बढ़ाई गई है। उन्होंने इस बढ़ोतरी को आपदा में अवसर बताते हुए केंद्र की महंगाई नीति पर सवाल उठाए।
सुरजेवाला ने हरियाणा में नायब सैनी सरकार पर भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में प्रदेश का कर्ज 456 प्रतिशत बढ़कर रुपये 3,94,551 करोड़ हो गया है। बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजन की पेंशन में भारी कटौती की गई है, वहीं राशन और बीपीएल कार्डों में भी नुकसान हुआ है।
युवाओं के लिए सरकारी नौकरियां अपर्याप्त हैं, 14,63,428 पंजीकृत युवाओं में से केवल 16,863 को नौकरी मिली। शिक्षा का हाल भी खस्ता है-सरकारी स्कूलों में 30,000 शिक्षक और अधिकांश प्रिंसिपल पद खाली हैं। विश्वविद्यालयों में टीचिंग पदों में 50-69% की कमी है।
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठी घोषणाओं और जुमलों से जनता को गुमराह किया, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा का बंटाधार बढ़ता गया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश दोनों सरकारों को जनता के कल्याण के बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।

