महंगाई पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम : देवेंद्र
कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। खाद्य पदार्थों के...
कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे सरसों का तेल, दालें, चीनी और सब्जियों की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ठप पड़े कारोबार और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं। पक्की नौकरी देने के बजाय सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से बेहद कम मानदेय पर युवाओं को रखकर उनका शोषण कर रही है, जो उनकी प्रतिभा का सीधा मजाक है। किसानों की आय दोगुनी करने के वादों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उचित दाम न मिलने के कारण आज खेती घाटे का सौदा बन चुकी है। देवेंद्र ने कहा कि असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना और अपने फायदे के लिए समाज को बांटना भाजपा की कार्यशैली बन चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भाजपा की नीतियों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता उनके विचारों व मिशन को घर-घर तक पहुंचाने में जुटे हैं।

