जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार : वरुण
मॉडल टाउन निवासी कमल विनायक की माता के निधन पर अम्बाला से सांसद वरुण मुलाना ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी मौजूद रहे। सांसद ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर...
मॉडल टाउन निवासी कमल विनायक की माता के निधन पर अम्बाला से सांसद वरुण मुलाना ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी मौजूद रहे। सांसद ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। शोक व्यक्त करने के बाद सांसद वरुण मुलाना कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी के कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है और महंगाई, बेरोजगारी व किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से काम नहीं किया जा रहा। ट्रेड डील पर उन्होंने कहा कि सरकार को किसी भी अंतर्राष्ट्रीय समझौते से पहले देश के व्यापारियों, किसानों और छोटे उद्योगों के हितों का ध्यान रखना चाहिए। वहीं रमन त्यागी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने के बावजूद जमीनी स्तर पर विकास दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों के लिए तैयार रहना चाहिए। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।

