बेहतर समाज के लिए हर व्यक्ति का संस्कारवान होना जरूरी : कल्याण
ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र के जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचे स्पीकर
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सुंदर समाज की कल्पना को साकार करने के लिए हर व्यक्ति का संस्कारित होना जरूरी है। इसके लिए केवल सोच बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसी सोच के अनुसार सभी को मिलकर काम करना होगा। छोटी-छोटी अच्छी पहल से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष कल्याण शुक्रवार को घरौंडा के क्राउन सिटी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने नागरिकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्नों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी उन्होंने सराहना की। इस दौरान जन्माष्टमी का उत्सव मनाते हुए केक भी काटा गया।
उन्होंने कहा कि जिस समाज और पर्यावरण की हम कल्पना करते हैं, उसके निर्माण की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। बच्चों को बचपन से अच्छे संस्कार देने जरूरी हैं, ताकि वे बड़े होकर अच्छाई और बुराई में अंतर समझ सकें तथा संयम के साथ आगे बढ़ें। ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में समरसता, एकता, आदर और प्रेम की भावना बढ़ाते हैं। बीके प्रेम बहन ने श्रीकृष्ण के गुणों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि एक-दूसरे से मिलकर संस्कारों का महारास करें, ताकि समाज में समरसता और पवित्रता आए। इस मौके पर बीके रेणु व अन्य ब्रह्माकुमारी बहनें और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को स्मृति चिह्न व ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया गया।

