इसराना, मतलौडा में बनेंगे फायर सब स्टेशन
इसराना विधानसभा क्षेत्र के कस्बे इसराना और मतलौडा को जल्द ही फायर सब स्टेशन की सौगात मिलेगी। इससे दोनो कस्बों के हजारों किसानों, फैक्टरी संचालकों व अन्य लोगों को फायदा होगा। बता दें कि इसराना व मतलौडा कस्बे पानीपत शहर...
इसराना विधानसभा क्षेत्र के कस्बे इसराना और मतलौडा को जल्द ही फायर सब स्टेशन की सौगात मिलेगी। इससे दोनो कस्बों के हजारों किसानों, फैक्टरी संचालकों व अन्य लोगों को फायदा होगा। बता दें कि इसराना व मतलौडा कस्बे पानीपत शहर से 20 किलोमीटर की दूरी पर पड़ते हैं और आगजनी के समय पानीपत शहर से दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचने में आधा घंटा लग जाता है। पिछले सीजन में भी कई किसानों की गेहूं की फसल जल चुकी है और फैक्टरियों में भी आगजनी होती रहती है। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और डीसी डाॅ. विरेंद्र कुमार दहिया के प्रयासों से इसराना व मतलौडा में अब फायर सब स्टेशन बनने जा रहे है। एसडीएम इसराना नवदीप सिंह नैन पिछले काफी समय से पंचायत व दमकल विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहकर दोनों कस्बों पर फायर सबस्टेशन के लिये जगह चिन्हित करने के कार्य में लगे हुए थे। मतलौडा में तो फायर सब स्टेशन के लिये तहसील बिल्डिंग के पास ही करीब डेढ एकड़ जगह चिन्हित की जा चुकी है। वहीं एसडीएम नवदीप नैन ने इसराना में प्रस्तावित फायर सबस्टेशन को लेकर मंगलवार को अपने कार्यालय में पंचायत व दमकल विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। जिसमें जिला फायर ऑफिसर सुमित व नोडल अधिकारी अमित गोस्वामी और पंचायत विभाग के ग्राम सचिव व इसराना के सरपंच राजेश जागलान आदि मौजूद रहे। मीटिंग के उपरांत फायर सब स्टेशन के लिये जगह चिन्हित करने के लिये गठित टीम ने इसराना में तीन जगहों का निरीक्षण किया गया। इसी टीम द्वारा अब तीनों स्थानों में से एक जगह को फाईनल किया जाएगा।

