फतेहाबाद : गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, सीधे खाते में होगा भुगतान : एसीएस विनीत गर्ग
एसीएस विनीत गर्ग ने अफसरों के साथ बैठक के बाद किया मंडियों का दौरा
जिले के प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नियुक्त अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनीत गर्ग ने फतेहाबाद सहित जिले की मंडियों का निरीक्षण किया। इससे पहले एसीएस ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित प्रबंध हरियाणा सरकार की ओर से किए गए हैं। उन्होंने जिला में निरीक्षण के दौरान रबी फसल खरीद के दौरान व्यवस्थापूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश खरीद एजेंसी को दिए।
उन्होंने अधिकारियों को किसानों की फसल का भुगतान निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। साथ ही फसल उठान भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसीएस विनीत गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और फसल खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी व समयबद्ध बनाने के लिए हर स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और गेहूं खरीद के बाद भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा। मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे किसान अपनी फसल का पंजीकरण व ट्रैकिंग कर सकते हैं। इस मौके पर जिला उपायुक्त डॉ. विवेक भारती व जिले के आला अधिकारी मौजूद थे।

