भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ देश के किसान एकजुट हों : डल्लेवाल
किसान जागृति यात्रा का पानीपत पहुंचने पर किया स्वागत
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेतृत्व में 7 फरवरी को कन्याकुमारी से शुरू हुई किसान जागृति यात्रा ने शुक्रवार शाम यूपी से हरियाणा की सीमा में प्रवेश किया और हरिद्वार हाईवे स्थित तामशाबाद टोल पर यात्रा का पानीपत के किसान संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा में शामिल किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, पीआर पांडयन तमिलनाडू, अरूण पटेल मध्य प्रदेश, इंद्रजीत सिंह पन्नीवाला राजस्थान व नितिन बाल्याण यूपी का अभिमन्यू कोहोड़ के नेतृत्व में फूलमालाओं से स्वागत किया गया। स्वागत करने वालो में दिलबाग बिंझौल, धमेंद्र अहलावत बबैल, नर सिंह रावल, रणपाल सिंह, रविंद्र अहलावत, शमशेर पूनिया, मनोज नौल्था व रविंद्र त्यागी शामिल रहे। उसके उपरांत तामशाबाद-सनौली टोल से लेकर गांव बबैल में आयोजित जनसभा स्थल तक सैकड़ों गाड़ियों व ट्रैक्टरों के साथ रोड मार्च निकाला गया।
डल्लेवाल ने कहा कि किसान जागृति यात्रा 19 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत के साथ समाप्त होगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ किसानों को जागरूक करना है, क्योंकि इस समझौते से भारतीय कृषि को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करवाने के लिए पूरे देश के साथ-साथ हरियाणा के किसानों को भी एकजुट होना पड़ेगा। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और वे कर्ज में डूबे हुए हैं। इसलिये एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की हमारी प्रमुख मांग है। वहीं पानीपत के किसानों ने किसान नेता जगजीत डल्लेवाल व अन्य किसान नेताओं को आश्वासन दिया कि पानीपत के किसान भारी संख्या में 19 मार्च को रामलीला मैदान में दिल्ली पहुंचेंगे।

