पोर्टल मिसमैच को लेकर प्रदर्शन, किसानों ने मुख्यमंत्री-कृषि मंत्री का जलाया पुतला
भाकियू का उग्र प्रदर्शन : समाधान न होने पर जिला सचिवालय में धान गिराने की चेतावनी
यमुनानगर में धान उत्पादक किसानों की विभिन्न समस्याओं और पोर्टल मिसमैच के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले किसानों ने जिला सचिवालय के सामने स्थित अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने प्रदेश सरकार और कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के पुतले फूंके। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
किसान नेताओं ने सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर पोर्टल मिसमैच की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो किसान अपनी धान की फसल को सीधे जिला सचिवालय में लाकर गिराएंगे। यमुनानगर में धान की खरीद के दौरान पोर्टल पर रिकॉर्ड मैच न होने के कारण किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गुन्दियाना ने मांग की कि इस त्रुटि को तुरंत प्रभाव से दूर किया जाए। यदि तय सीमा में समाधान नहीं हुआ, तो यूनियन द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
फतेहाबाद में तीन दिन से धरने पर बैठे किसान
फतेहाबाद (हप्र) : धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर तीन दिन से मंडियों में डटे किसानों ने अनाज मंडी के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन (खेती बचाओ) ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार तक खरीद शुरू नहीं हुई, तो किसान धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचेंगे। किसानों का कहना था कि पोर्टल पर फसल का फिजिकल वेरिफिकेशन पूरा नहीं होने से गेट पास जारी नहीं हो रहे। भाकियू (खेती बचाओ) के प्रदेश प्रवक्ता राम जाट ने आरोप लगाया कि कुछ किसानों की परमल धान को रिकॉर्ड में बासमती दर्ज कर दिया गया है। इस बारे डीएफएससी कुशल पाल बुरा ने बताया कि जिले में 80 चावल मिल पंजीकृत हो चुके हैं और 12 का भौतिक सत्यापन पूरा है। जिला मिलिंग कमेटी की बैठक के बाद मिलों को धान अलॉट कर खरीद शुरू कर दी जाएगी।
छछरौली में इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी तुलाई
जगाधरी/छछरौली (हप्र/निस) : छछरौली अनाज मंडी में खरीफ विपणन सीजन के तहत धान खरीद का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन कैलाश शर्मा, वाइस चेयरमैन योगेश अग्रवाल, बीडीपीओ कार्तिक चौहान, मार्केट कमेटी के सचिव अनिल पुरषार्थी और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग मुख्य रूप से मौजूद रहे। एसडीएम जसपाल सिंह गिल की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडी में पहुंची धान की ढेरियों का आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मीटर के माध्यम से मॉइस्चर चेक कर खरीद प्रक्रिया शुरू की। एसडीएम ने मंडी में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैठने के प्रबंधों का जायजा लिया।

