अनुसूचित जाति से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें : कटारिया
राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष ने सुनवाई शिकायतें
हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि एससी वर्ग के साथ होने वाले अत्याचार एवं उत्पीड़न के मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग की अध्यक्ष ने कुल 10 मामलों की समीक्षा की, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए। गांव बालू निवासी एक शिक्षक ने शिकायत दी कि अप्रैल में उस पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन पुलिस ने उचित धाराएं नहीं लगाईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्षा ने एसडीएम की अध्यक्षता में विशेष कमेटी गठित करने और चिकित्सकों के बोर्ड से शिक्षक का दोबारा मेडिकल परीक्षण करवाने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में कुरुक्षेत्र में चल रही जांच से असंतुष्ट शिकायतकर्ता की मांग पर आयोग ने मामले की जांच गुहला डीएसपी को सौंपने के आदेश दिए।
बंतो कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी जनता के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं और आयोग भी इसी दिशा में हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है। इस अवसर पर आयोग की उपाध्यक्ष रेणु डाबला, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी बीरभान, सुशील प्रकाश व रमेश गुलिया उपस्थित रहे।

