नगर परिषद में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर चेयरमैन अशोक कुच्छल का कहना है कि सचिव के तबादले के बाद परिषद कार्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दोपहर 3 बजे के बाद अधिकांश अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं रहते, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चेयरमैन अशोक कुच्छल ने कहा कि वे स्वयं कार्यालय की गतिविधियों पर कैमरे के माध्यम से नजर रखते हैं। उनके अनुसार, मंगलवार को 3 बजे के बाद कार्यालय में इक्का-दुक्का कर्मचारियों को छोड़ कोई मौजूद नहीं था। सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाकर चले जाते हैं और अन्य कर्मचारी भी समय से पहले दफ्तर छोड़ देते हैं, जिसके कारण लोगों के जरूरी काम लंबित पड़े हैं। उन्होंने नाराजगी जताई कि सचिव न होने से कर्मचारियों ने मनमानी शुरू कर दी है। जनता अपने कार्यों के लिए चक्कर काट रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में तुरंत सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों की शिकायत विधायक के माध्यम से उच्च अधिकारियों व कमिश्नर तक पहुंचाई जाएगी।

