जींद में 15 फरवरी को होगा शिक्षा का इनामी महादंगल
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सशक्त तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से जींद के गांव घोघड़ियां में 15 फरवरी को शिक्षा का इनामी महादंगल आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की कॉमन...
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सशक्त तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से जींद के गांव घोघड़ियां में 15 फरवरी को शिक्षा का इनामी महादंगल आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा के पैटर्न पर आधारित होगी। परीक्षा का आयोजन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा स्थल गांव घोघड़ियां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक रहेगा।
जानकारी देते हुए पूर्व सरपंच अनिल बंदराणा ने कहा कि महंत शुक्राइनाथ योगी लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में आयोजित यह शिक्षा का इनामी महादंगल न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारेगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं का सामना करने के लिए भी तैयार करेगा। प्रतिभागियों के लिए लाखों रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2 लाख 1 हजार रुपये, द्वितीय को 1 लाख 51 हजार रुपये व तृतीय को 1 लाख 1 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चतुर्थ से एकादश स्थान तक के विजेताओं को 71 हजार रुपये से लेकर 2100 रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं 12वें से 22वें स्थान तक के 10 विजेताओं को 1100 रुपये और 23वें से 52वें स्थान तक के 30 विजेताओं को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 10 फरवरी निर्धारित की गई है। परीक्षा की अवधि 1 घंटा 45 मिनट होगी। परिणाम और पुरस्कार वितरण परीक्षा के दिन ही किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन महंत शुक्राइनाथ योगी के सान्निध्य में ग्राम पंचायत घोघड़ियां द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में दादा नागदेव कमेटी का विशेष सहयोग रहेगा। सरपंच प्रतिनिधि के रूप में दीपक बूरा व वेदप्रकाश गर्ग कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

