Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

नेशनल हाईवे पर अवैध कटों के चलते ढाबा, पेट्रोल पंप संचालकों पर केस

घरौंडा में एनएच-44 की सुरक्षा को लेकर एनएचएआई ने की कार्रवाई

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
घरौंडा में एनएच-44 पर अवैध कटों के चलते अक्सर हादसे होते हैं। -निस
Advertisement

नेशनल हाइवे-44 पर अवैध रूप से बनाये कटों को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सख्त रुख अपनाया है। अवैध कट बंद न करने पर ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। एनएचएआई का कहना है कि इन अवैध कटों से वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। एनएचएआई अम्बाला में घटना प्रबंधन अधिकारी धीरेन्द्र शर्मा ने थाना घरौंडा में लिखित शिकायत दी है और बताया गया कि एनएच-44 पर कुछ ढाबा मालिक और पेट्रोल पंप संचालक अपने फायदे के लिए अवैध कट खोल रहे हैं। एनएचएआई की टीम द्वारा कई बार मौके पर पहुंचकर इन कटों को बंद किया गया, लेकिन कुछ समय बाद इन्हें फिर से खोल दिया गया। धीरेन्द्र शर्मा ने शिकायत में कहा कि अवैध कटों के कारण तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इससे यात्रियों के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। शिकायत के साथ अवैध कटों की फोटो भी पुलिस को सौंपी गई हैं।

इस हद तक होती है मनमानी

Advertisement

एनएचएआई अवैध कटों को बंद करने के लिए जहां पर रेलिंग नहीं होती वहां रेलिंग लगा देती है और जहां पर कंक्रीट के ब्लॉक बेरियर हटाए होते है, वहां पर उन्हें लगा दिया जाता है। आरोप है कि इन लोगों की मनमानी इतनी ज्यादा होती है कि रेलिंग को तोड़ दिया जाता है या फिर काट दिया जाता है। वहीं कंक्रीट ब्लॉक को हेवी व्हीकल से एक तरफ हटवा दिया जाता है।

Advertisement

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन ढाबों, पेट्रोल पंपों के सामने हालत खराब

शिकायत में घरौंडा से पानीपत की ओर एचपी पेट्रोल पंप, आशीर्वाद ढाबा, गुरुकृपा कार वॉश, ब्रेक प्राइवेट ढाबा, न्यू बाबा दा ढाबा, भारत पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम सीएनजी भाटिया और द अर्बन विलेज रेस्टोरेंट के सामने अवैध कट होने का जिक्र किया गया है। वहीं पानीपत से घरौंडा की ओर लक्ष्मी रसोई, राजेन्द्र वैष्णो ढाबा, इंडियन ऑयल पंप शहीद लाल सिंह फिलिंग स्टेशन और यस कैंटीन के सामने भी अवैध कट बताए गए हैं।

Advertisement
×