सड़कों पर निर्भर होता है क्षेत्र का विकास : रामकुमार
विधायक ने चार सड़कों के नवीनीकरण कार्य का किया शुभारंभ
विधायक रामकुमार कश्यप ने रविवार को गांव हिनौरी में 4 सड़कों के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने मनोहरपुर से इन्द्री, रसूलपुर अप्रोच रोड, हिनौरी से छपरियों व हिनौरी से कुरुक्षेत्र बॉर्डर तक सड़कों के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इन सड़कों के नवीनीकरण पर करीब 2.56 करोड़ रुपये की लागत आएगी। विधायक रामकुमार ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करना ही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इन सड़कों के बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास उसकी सड़कों पर निर्भर होता है, इसलिए सड़कों के निर्माण व नवीनीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुलों के निर्माण, सड़कों के नव-निर्माण व मुरम्मत के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग के हित में किसी न किसी रूप में कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका सीधा-सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन्द्री विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों में कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर मंडल अध्यक्ष विजय, एसडीओ पीडब्ल्यूडी रोहताश, महिन्द्र सिंह प्रेमी, सुभाष खेड़ा, रमन सैनी, सरपंच शशी, जसविंद्र, दीपक नट्ट, ओमप्रकाश कश्यप, वाल्मीकि राममूर्ति, श्रीचन्द कश्यप, सरपंच बलजौर, श्याम, जसमेर हिनौर, नीशू कश्यप, श्याम छपरियों, सेहपाल, कर्मचन्द सैनी व बलवान कश्यप मौजूद रहे।

