प्राध्यापक से प्रधानाचार्य पदोन्नति की लंबित सूचियां जल्द जारी करने की मांग
शिक्षा मंत्री व निदेशक से मिला हसला प्रतिनिधिमंडल, तबादला नीति व सीसीएल फाइलों पर की चर्चा
हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य प्रधान सतपाल सिंधु के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के निदेशक से मिला। हसला नेताओं ने शिक्षा मंत्री को प्राध्यापक से प्रधानाचार्य पदोन्नति की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और लंबित सूचियों को जल्द जारी करने की मांग की। साथ ही, पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अध्यापकों के तबादले करने का आग्रह किया।
सतपाल सिंधु ने बताया कि निदेशक ने उन्हें उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नई अध्यापक स्थानांतरण योजना पर कार्य शुरू होने और इसे जल्द कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा, चाइल्ड केयर लीव की फाइलों को डीसी के माध्यम से भेजने संबंधी पत्र को 15 जून के बाद वापस लेकर पुरानी व्यवस्था बहाल की जाएगी, जिससे डीईओ सीधे निदेशालय फाइलें भेज सकेंगे। निदेशक ने दिव्यांग कोटे (4 प्रतिशत) के तहत पीजीटी से प्रधानाचार्य पदोन्नति के मामलों को 30 जून तक मंगवाने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2016 से अब तक की वरिष्ठता सूची को अपडेट करने के लिए तत्काल एक कमेटी गठित की गई है, जो 30 जून तक सूची का प्रारूप तैयार करेगी। प्रतिनिधिमंडल में राज्य महासचिव डॉ. तरसेम कौशिक, हरियाणा राज्य दिव्यांग कर्मचारी संघ के प्रधान शमशेर बामल, सुखबीर बेरवाल, विजेंदर श्योराण और अनिल अहलावत शामिल रहे।

