यमुनानगर में डॉ. अंबेडकर के नाम से विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग
साढौर से विधायक रेनू बाला गुप्ता ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
साढौरा से विधायक रेनू बाला ने विधानसभा सत्र के दौरान जिले में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से विश्वविद्यालय की स्थापित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिले में लंबे समय से एक बड़े सरकारी विश्वविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि यहां विश्वविद्यालय स्थापित होता है तो क्षेत्र के हजारों युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे।
विधायक रेनू बाला ने विशेष रूप से घाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बनने से ग्रामीण और दूरदराज के बच्चों को भी उच्च शिक्षा की सुगम सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा। यह संस्थान न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रगति का प्रतीक भी होगा। विधायक रेनू बाला ने सरकार से अपील की कि इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आगामी बजट में इसके लिए आवश्यक प्रावधान किया जाए, ताकि यमुनानगर जिले के विकास को नई दिशा मिल सके।

