उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों के पानीपत रेलवे स्टेशन पर ठहराव व आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर विशेष ट्रेनें चलाने की मांग को लेकर पूर्वांचल समाज का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी रेलवे स्टेशन पर जारी रहा। पूर्वांचल समाज के लोगों ने शनिवार सुबह स्टेशन परिसर में भजन-कीर्तन के साथ अपने धरने की शुरुआत की। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों, मजदूर यूनियनों और सामाजिक संगठनों का खुला समर्थन मिल रहा है।
शनिवार को कांग्रेस नेता वरिंदर शाह और शहरी जिला अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह ने धरने पर पहुंचकर पूर्वांचल समाज को समर्थन दिया। वरिंदर शाह और सरदार बलजीत सिंह ने सरकार और रेलवे प्रशासन से मांग की कि पूर्वांचल समाज की भावनाओं को देखते हुए तुरंत ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए और त्योहारी सीजन के दौरान उत्तर प्रदेश व बिहार के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएं। पूर्वांचल समाज के प्रधान उमाशंकर राय, अनिकेत पांडेय, मनोज सिंह, राजू श्रीवास्तव, दयानंद यादव एवं सुनील झा ने कहा कि जब तक स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं किया जाता, धरना जारी रहेगा। पूर्वांचल समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

