मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, लोक पंचायत ने उठाए कई मुद्दे
नामधारी गुरुद्वारा में लोक पंचायत जिला सिरसा की मासिक बैठक गुरनाम सिंह झब्बर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए स्वर्ण सिंह विर्क ने मांग उठाई कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत...
नामधारी गुरुद्वारा में लोक पंचायत जिला सिरसा की मासिक बैठक गुरनाम सिंह झब्बर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए स्वर्ण सिंह विर्क ने मांग उठाई कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यदि वे स्वयं इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने का गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कटे हुए वोटों की बहाली के लिए चलाए जा रहे लोक आंदोलनों का लोक पंचायत पूरा समर्थन करती है और सभी पात्र मतदाताओं के नाम पुनः सूची में जोड़ने की मांग करती है। लोक पंचायत ने गांव मलेका के नजदीक हुए दर्दनाक सड़क हादसे का हवाला देते हुए मांग की कि मृतकों के पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 10-10 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाए। इस अवसर पर गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह कक्का, जत्थेदार जगदेव सिंह, गुरुचरण सिंह किलेवाला, निर्मल सिंह बसरा, सेवा सिंह विर्क, बलदेव सिंह औलख, अवतार सिंह, दल सिंह, अवतार सिंह और मलकीत सिंह पार्षद उपस्थित रहे।
किसानों को डीएपी खाद देने और मुआवजे की मांग
बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए किसानों को तुरंत डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही, सूखाग्रस्त क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त, दूध की कीमतों में यथोचित बढ़ोतरी करने तथा मिलावटी दूध, घी, दही और पनीर का कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से निरीक्षण करवाकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

