सरकारी दफ्तरों में बढ़ी जेल निर्मित फर्नीचर की डिमांड
मंत्री मनोहरलाल के दफ्तर समेत कई कार्यालयों में हो रहा इस्तेमाल
पानीपत जेल की वर्कशॉप में बंदियों द्वारा लड़की का फर्नीचर आधुनिक डिजाइनों में बनाया जा रहा है, जिसमें कुर्सियां, सेंट्रल टेबल, सोफा, बेड, डानिंग टेबल, बुक रेक व फ्रूट ट्रे शामिल हैं। जेल में बंदियों द्वारा बनाई कुर्सियां केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहरलाल के पानीपत सचिवालय स्थित सांसद कार्यालय, जिला अटॉर्नी व डीएलएसए कार्यालय की पहले ही शोभा बढ़ा रही है। वहीं अब बंदियों द्वारा बनाई कुर्सियां, सेंट्रल टेबल व सोफा सेट समालखा के एसडीएम कार्यालय के पास बनाये सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन के कार्यालय के लिये भेजा गया है। समालखा के एमिनेंट पर्सन अब बंदियों द्वारा बनाई कुर्सियाें व सोफे पर बैठकर लोगों की शिकायतों का समाधान कर रहे हैं।
बता दें कि सरकार ने समालखा के लिये सीएम विंडो पर आई शिकायतों को सुनने के लिये 5 एमिनेंट पर्सन की नियुक्ति की हुई है, जिनमें भाजपा नेता कृष्ण छौक्कर किवाना, रामनिवास कौशिक, महीपाल छौक्कर, राकेश सैनी व बिजेंद्र आटा शामिल हैं। समालखा सचिवालय बिल्डिंग में एसडीएम कार्यालय के पास ही ऐमिनेंट पर्सन के लिये एक अलग से कार्यालय बनाया गया है और एमिनेंट पर्सन अब इसी कार्यालय में सीएम विंडो वाली शिकायतें सुन रहे हैं। एसडीएम अमित कुमार के निर्देश पर इस कार्यालय के लिये बंदियों द्वारा बनाई कुर्सियां, सेंट्रल टेबल व सोफा मंगवाया गया।
वाजिट रेट व क्वालिटी में बेहतर है जेल में बना फर्नीचर : एसडीएम
समालखा एसडीएम अमित ने बताया कि बंदियों द्वारा बनाई गई कुर्सियां, सेट्रल टेबल व सोफा लोकल मार्केट की अपेक्षा रेट में बहुत जायज है और क्वालिटी में भी बेहतर है। एसडीएम कार्यालय के कई अधिकारी व कर्मचारी बंदियों द्वारा बनाया फर्नीचर खरीदने के लिये सिफारिश करवा रहे हैं। वहीं जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बंदियों द्वारा बनाई कुर्सियां-टेबल व सोफा आदि की अच्छी डिमांड आ रही है और उसी के अनुसार जेल की वर्कशॉप में बंदियों द्वारा फर्नीचर बनाया जा रहा है।

