गांव गढ़ी नवाब में बुधवार को 27 वर्षीय युवक का उसके ही खेत में रोटावेटर से कुचला शव मिला है। शुरुआत में यह एक हादसा लग रहा था, लेकिन परिजनों ने जमीन के विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है। बापौली थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार को सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, मोहित (27) बुधवार को सुबह अपना ट्रैक्टर लेकर खेत में काम करने गया था। वह जब दोपहर तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसे देखने के लिये खेत में पहुंचे। वहां पर मोहित का शव रोटावेटर की चपेट में आने के कारण क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही बापौली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह वास्तव में एक हादसा है या कोई साजिश है। वहीं मृतक मोहित के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों के साथ उनका काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या करने के बाद उसे हादसा दिखाने के लिए रोटावेटर से कुचला गया है। बापौली थाना प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि मृतक मोहित के परिजनों की शिकायत के आधार पर तीन के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

