पीएम मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा प्रगति : सैनी
सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक, 13 परिवादों का मौके पर समाधान
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में कुल 16 शिकायतों पर विचार किया गया, जिनमें से 13 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
आनंद विहार सिरसा निवासी विजय कुमार ने शिकायत दी कि सेक्टर-21 में फ्लैट नंबर 387 की निर्धारित राशि जमा करवाने और अलॉटमेंट लेटर मिलने के बावजूद उन्हें भौतिक कब्जा नहीं मिला है और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता की इच्छा के अनुसार ब्याज सहित राशि वापस करने और एक महीने के भीतर पेंडेंसी क्लियर करने के निर्देश दिए। गांव कंवरपुरा निवासी रामगोपाल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कपास की फसल का बीमा क्लेम न मिलने की शिकायत रखी, जिसके खाते से 76,960.31 रुपये काटे गए थे। मुख्यमंत्री ने तकनीकी दिक्कत दूर कर किसान को जल्द क्लेम देने के निर्देश दिए। कृष्णा देवी के दिव्यांग प्रमाण पत्र को फर्जी बताकर डेढ़ साल तक मामला लटकाने वाले अधिकारियों के खिलाफ उपायुक्त को जांच के आदेश दिए गए। इसके अलावा मिल्क सोसायटी करीवाला की दूध गुणवत्ता एवं भुगतान संबंधी शिकायत पर तत्कालीन सीईओ भागीराम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पवन कुमार व अनीता रानी के मामलों में पुलिस कार्रवाई में ढिलाई की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने एसपी को दोनों पक्षों की व्यक्तिगत सुनवाई कर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। सेक्टर-19 निवासी चड़त सिंह के रास्ते के विवाद पर एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए गए। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि भारत द्वारा ब्रिक्स की मेजबानी किया जाना देश के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत के नेतृत्व की सराहना हो रही है। बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जोयल, जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, डबवाली की जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप उपस्थित रहे।
शहीद सैनिक सुखचैन को दी श्रद्धांजलि
रानियां (निस) : मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सिरसा दौरे के दौरान गांव कुत्ताबढ़ पहुंचकर दिवंगत सैनिक सुखचैन सिंह को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र सेवा में उनके बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने शहीद की माता अमर कौर, पत्नी निर्मल कौर, भाई सर्वजीत, पुत्र आकाशदीप व अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राणों का उत्सर्ग करने वाले वीर जवानों का शौर्य सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। गांव कुत्ताबढ़ से वापसी के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क संबंधी समस्याएं भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

