मनरेगा खत्म करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
जिला कांग्रेस ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अनाज मंडी स्थित गांधी पार्क में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके जीवन एवं अहिंसा...
जिला कांग्रेस ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अनाज मंडी स्थित गांधी पार्क में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके जीवन एवं अहिंसा के मार्ग का महत्व बताया।
समारोह के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार की मनरेगा योजना के प्रति उदासीनता और इसे समाप्त करने के प्रयासों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कालांवाली से विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत में आर्थिक सुरक्षा और रोजगार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने बताया कि इस योजना से करोड़ों परिवारों को हर साल 100 दिन का रोजगार मिला, जिससे पलायन रुका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
ऐलनाबाद से विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने कहा कि मनरेगा सिर्फ योजना नहीं, बल्कि गरीबों का कानूनी अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा। पूर्व ओएसडी डाॅ. केवी सिंह और पूर्व सांसद डाॅ. सुशील इंदौरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनविरोधी नीतियों से पीछे हटने के लिए मजबूर करेगी और मनरेगा को मजबूत बनाने के लिए देशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण करोड़ों गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं और यदि नीति नहीं बदली गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर नवीन केडिया, अमीर चावला, वीरभान मेहता, संदीप नेहरा, उर्मिल भारद्वाज, आनंद बियानी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

