भाजपा की पोल खोलने के लिए कांग्रेस चलाएगी जागरूकता अभियान : देवेंद्र
जगाधरी में कांग्रेस की शहरी व ग्रामीण इकाई की मासिक बैठक
जगाधरी स्थित कांग्रेस के शहरी जिला कार्यालय में रविवार को शहरी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा सरकार के जनविरोधी निर्णयों पर कड़ा प्रहार करते हुए पार्टी ने भविष्य की रणनीतियों पर मंथन किया। जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहितों पर कुठाराघात करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा, 'रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी कर सरकार ने सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर डाका डाला है। भाजपा अपने सियासी हितों को साधने के लिए किसी भी हद तक प्रोपोगेंडा फैला सकती है, लेकिन कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी।'
देवेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे वार्डों, कॉलोनियों और मोहल्लों में भाजपा की पोल खोलने के लिये जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने विशेष रूप से नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने पर जोर दिया और कहा कि जनता को इन अनियमितताओं से अवगत कराना अब पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। बैठक में जिला संगठन महासचिव रविंदर बबलू, उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह संधू, कुलदीप सिंह, शालू मल्होत्रा, जिला महासचिव मुकेश स्वामी, हार्दिक सकुजा, इकराम, जिला सचिव सुमित पाल सिंह, बलराज कौशिक, रमाशंकर, जिनेंद्र शर्मा, कुलदीप सिंह व महिला जिला उपाध्यक्ष गीता मौजूद रहीं।
कांग्रेस हर मंच पर लड़ेगी जनहित की लड़ाई : गुर्जर
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के कार्यालय में रविवार को मासिक बैठक में जिला ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल गुर्जर ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आम जनता के हक की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ने का संकल्प लिया। नरपाल गुर्जर ने कहा कि बढ़ती महंगाई, विशेषकर रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। अध्यक्ष ने कहा कहा कि हमें बूथ और वार्ड स्तर तक जाकर लोगों की समस्याओं को समझना होगा और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना होगा। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चौहान, कुलवंत राणा, मुकेश पाल, मोहन वर्मा, जयचंद कश्यप और संग्राम राणा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

