ओबीसी हक हुंकार अभियान को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
जातीय जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस के 100 दिवसीय ‘ओबीसी हक हुंकार अभियान’ को जिले में गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। शहरी कांग्रेस प्रधान देवेंद्र सिंह ने जिला कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं...
जातीय जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस के 100 दिवसीय ‘ओबीसी हक हुंकार अभियान’ को जिले में गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। शहरी कांग्रेस प्रधान देवेंद्र सिंह ने जिला कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। अभियान के कार्यक्रम में रिटायर्ड आईएएस एवं आदमपुर विधायक के चेयरमैन चंद्रप्रकाश मुख्य रूप से शामिल होंगे।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य जातीय जनगणना के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करना और ओबीसी समाज की मांगों को मजबूती से उठाना है। अभियान के दौरान जनसभाओं, रैलियों, पदयात्राओं, धरना-प्रदर्शनों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की मांगों में जनगणना में ओबीसी के लिए स्पष्ट एवं पृथक प्रावधान, प्रत्येक जाति के लिए मानकीकृत ‘कास्ट मास्टर लिस्ट’ और जातियों की पहचान दर्ज करने के लिए व्यवस्थित ड्रॉप-डाउन व्यवस्था शामिल है। जिला स्तर पर युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों से संपर्क किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर अभियान को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाया जाएगा। जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

