लाडवा में एसडीएम कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे सीएम
प्रदेश स्तरीय कृषि विकास मेला आज से, प्रदर्शनी में लगे 150 स्टाल
डीसी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रदेश स्तरीय कृषि विकास मेला की सभी तैयारियों को जिला प्रशासन व चौ. चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार की टीम ने मिलकर पूरा कर लिया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री सैनी द्वारा मेले का शुभारंभ, प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद किसानों को संबोधित किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया जाएगा और पीडब्ल्यूडी विभाग की कुछ सड़कों के निर्माण की सौगात देंगे। प्रदेश में पहली बार सबसे बड़ा 2 दिवसीय प्रदेश स्तरीय कृषि विकास मेला का आयोजन 28 फरवरी से लाडवा अनाज मंडी में किया जाएगा।
डीसी मीणा शुक्रवार को लाडवा अनाज मंडी में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, शहीद स्मारक अम्बाला के निदेशक डाॅ. कुलदीप सैनी, एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता भी साथ रहे। डीसी ने कहा कि इस कृषि विकास मेला में कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों को उन्नत किस्म के बीजों और नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रोगग्रस्त फसलों की जांच व निदान, फसल प्रतियोगिता, गृह विज्ञान संबंधी जानकारी, कृषि विशेषज्ञों के साथ प्रश्नोतरी पत्र सत्र आयोजित होगा। इस मेले का विषय जल संरक्षण दिया गया है। इसके लिए उत्तरी हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, अम्बाला, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला सहित आसपास के जिलों के किसानों के लिए मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले में पोषण, स्वास्थ्य और तकनीक की जानकारी दी जाएगी, जो किसानों के साथ-साथ आमजन के लिए भी लाभकारी होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। प्रश्नोत्तरी सत्र में किसान वैज्ञानिक संवाद का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों, योजनाओं और आविष्कारों पर भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में 150 से ज्यादा स्टालों को शामिल किया जाएगा।
इस मौके पर डीएसपी रणधीर सिंह, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि यूनिवर्सिटी हिसार के विस्तार शिक्षा निदेशक रमेश कुमार यादव, कृषि उप निदेशक कर्मचन्द, जिला बागवानी अधिकारी शिवेन्दू प्रताप, नायब तहसीलदार बलकार सिंह, मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार, नगर पालिका सचिव नीरज कुमार, सहायक निदेशक कृष्ण यादव, वीसी के सचिव कपिल अरोड़ा मौजूद रहे।

