सीएम नायब सैनी गोहाना में 113 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने किया कार्यक्रम स्थल का दौरा
गोहाना (सोनीपत) में सीएम नायब सैनी गोहाना में 29 मार्च, रविवार को नयी सब्जी मंडी में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में करीब 113 करोड़ रूपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गोहाना विधानसभा क्षेत्र में करीब 20.5 करोड़ के कार्यों का उद्घाटन तथा करीब 92 करोड़ रूपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सडक़ों के सुदृढ़ीकरण, जल आपूर्ति, ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य केंद्रों व बिजली घरों का निर्माण तथा अन्य जनहितकारी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से गोहाना क्षेत्र के विकास को नयी दिशा मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली तथा सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं। इस दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, उचित पार्किंग स्थल तथा ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीएम नायब सैनी के साथ होंगे मोहनलाल बड़ौली भी
प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल गोहाना क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले उद्घाटन एवं शिलान्यास से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।
कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री गोहाना क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जो इलाके की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य करने में विश्वास रखती है। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से स्पष्ट संदेश जाता है कि वर्तमान सरकार हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर पुलिस कमिश्नर ममता सिंह, डीसी नेहा सिंह, एडीसी लक्षित सरीन, एसडीएम गोहाना अंजलि श्रोत्रिय, डीसीपी कुशल सिंह, नगराधीश डॉ. अनमोल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोदी-नायब के नेतृत्व में देश-प्रदेश विकास की राह पर : बड़ौली

