भाजपा सरकार में युवा और संविधान दोनों खतरे में : निशित
यूथ कांग्रेस आज भाजपा जिला कार्यालय का करेगी घेराव
हरियाणा प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी के कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में युवाओं, छात्रों और आम जनता की आवाज दबाई जा रही है तथा केंद्र सरकार गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रही। कटारिया ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और राहुल गांधी द्वारा तीखे सवाल पूछे जाने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा के 12 साल के शासन में विकास कार्य ठप हैं, शहर कूड़े के ढेरों से जूझ रहे हैं और युवाओं को रोजगार देने के बजाय ठगा गया है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहा नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने घोषणा की कि इन जनविरोधी नीतियों, बढ़ते नशे और राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में यूथ कांग्रेस बुधवार को सेक्टर-17 हुड्डा स्थित भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में सांसद वरुण मुलाना भी विशेष रूप से शामिल होंगे। इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष साहुल, प्रबल जोशी, आकाश, विशाल, दीपक पंडित, प्रदीप कोहली, असगर अली, कुनाल, कमल विनायक, राजू सपरा, सुभाष और दिनेश डुमरा मौजूद रहे।

