भाजपा कर रही समाज को बांटने की राजनीति : बृजेंद्र
साढौरा पहुंची सद्भाव यात्रा, विधायक रेनू बाला ने किया स्वागत
कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा 118वें दिन शुक्रवार को यमुनानगर की साढौरा विधानसभा पहुंची, जहां साढौरा विधायक रेनू बाला ने स्वागत किया। यात्रा की शुरूआत महात्मा गांधी को उन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दे कर की गई। इस अवसर पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की यात्री रहीं रेखा कश्यप भी यात्रा में शामिल हुईं, जिससे कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा और संदेशात्मक मजबूती मिली। यात्रा की शुरुआत शिव चौक, बिलासपुर से हुई और यह एससी बस्ती, कपालमोचन, मोहड़ी, मछरौली, ताहरपुर, परभौली, जामनावाला एवं शामपुर होते हुए साढौरा पहुंची। यात्रा का रात्रि विश्राम कपालमोचन छोटूराम जाट धर्मशाला, साढौरा में किया गया।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि साढौरा विधानसभा यात्रा का 45वां हलका है और यह यात्रा अपने चौथे चरण में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने के लिए शुरू की गई यह यात्रा अब जनता की अपनी यात्रा बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10–11 वर्षों में भाजपा ने सत्ता के लिए समाज को बांटने की राजनीति की है, जबकि कांग्रेस की राजनीति संविधान, समावेश और सामाजिक न्याय पर आधारित है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, अमर सिंह बाल्टी, भूपेंद्र चौहान, नीरज कुमार, सतबीर ढांडा, बलिंदर सिंह मलिक, सुनीता राणा, शिव कुमार बंसल, दलीप जुड़ा, सरदार परमजीत सिंह, आसुब खान, फूल चंद, महाराज दहिया व युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष रुपिंदर राणा मौजूद रहे।

