गरीबों से धोखा कर रही भाजपा, वोट लेकर काटे लाखों राशन कार्ड : हुड्डा
पूर्व मंत्री हरमोहिंदर चट्ठा की पत्नी व विधायक रामकरण काला के भाई के निधन पर पूर्व सीएम ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा हरियाणा की गरीब जनता के साथ बड़ा धोखा कर रही है। सरकार ने चुनाव में राशन कार्ड बनाकर गरीबों की वोट ली और अब धड़ल्ले से उनके राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। हुड्डा यहां पूर्व मंत्री हरमोहिंदर चट्ठा की पत्नी व विधायक रामकरण काला के बड़े भाई के निधन पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मिले लोगों से फैमिली आईडी व बहुत सी खामियों की चर्चा के बाद पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार फैमिली आईडी के नाम पर गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। नाम, उम्र और अन्य मामूली त्रुटियों के कारण पिछले 6 महीनों में ही 70 हजार परिवारों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं। यह महज आंकड़ा नहीं, बल्कि हजारों गरीब परिवारों की थाली से रोटी छीनने की दर्दनाक कहानी है। इससे पहले हरियाणा ने पूरे देश में टॉप करते हुए लगभग 14.50 लगभग लाख राशन कार्ड काटे हैं।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि फैमिली आईडी में छोटी-छोटी गलतियों के चलते राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, पेंशनें बंद की जा रही हैं और लोग महीनों से जिला सरल केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। अब तक लाखों लोगों की पेंशन काटी जा चुकी है। 2024 के चुनाव में वोट लेने के लिए भाजपा ने 1 करोड़ अतिरिक्त लोगों को जोड़ा और वोट लेने के तुरंत बाद धड़ल्ले से राशन कार्ड काटने शुरू कर दिए गए। संसद के शीतकालीन सत्र में पूछे गए सवाल पर केंद्र सरकार से जवाब आया कि पूरे देश में 41 लाख 41 हजार 385 राशन कार्ड काटे गए, जिसमें हरियाणा सरकार ने 13 लाख 43 हजार 474 के साथ टॉप किया। हुड्डा ने सवाल उठाया कि चुनाव से पहले इतने राशन कार्ड क्यों बनवाए गए और अब क्यों काटे जा रहे हैं? सरकार इस सवाल का जवाब क्यों नहीं दे रही है?

