हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही भाजपा सरकार : सुरभि
चंचल गिरि आश्रम में 35 लाख से निर्मित हाॅल का उद्घाटन
नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने बुधवार को चंचल गिरि आश्रम डोगरा गेट में 35 लाख से निर्मित सामुदायिक हाल का उद्घाटन किया। हाल का उद्घाटन होने पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने नप चेयरपर्सन का आभार जताया। चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने मुख्यमंत्री नायब सैनी एवं भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा गया कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की समान विकास की सोच के कारण ही आज समाज के प्रत्येक वर्ग तक मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं।
सुरभि गर्ग ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से एक ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां सामाजिक, धार्मिक एवं सुख-दुख के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। इस हाॅल के निर्माण से वाल्मीकि समाज सहित आसपास के क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर प्रधान अश्वनी कुमार, वार्ड 30 से पार्षद सोनिया धीमान, सुरेश जांगड़ा, जोगिंद्र धीमान, अशोक कुमार, अनिल कुमार, रामदास सौदा, श्याम लाल कल्याण, मीनू कोच, कृष्ण लाल वर्मा, गोरा लाल, नीरज, जतिन, रविन्द्र गिल, रामानंद, देवराज मौजूद रहे।
'शहर में सड़कों का बिछाया जा रहा जाल'
नप चेयरपर्सन सुरभि ने कहा कि शहर में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पूर्व में कबूतर चौक से लेकर सब्जी मंडी तक की सड़क का शिलान्यास किया जा चुका है। जल्द ही छात्रावास रोड से लेकर रेलवे गेट तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसी प्रकार सेक्टर-19 को जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से लोगों को काफी फायदा होगा। लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण को लेकर डिमांड की जा रही थी। इसी तरह से वार्ड नंबर 4 में लाखों रुपये से पार्क में झूले व ओपन जिम का सामान रखा जा चुका है।

