चुनाव के माहौल को खराब करना चाहती है भाजपा सरकार : सेलवाल
उकलाना के कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा पर नगरपालिका चुनाव के दौरान हलके का माहौल बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से चुनाव के लोकतांत्रिक माहौल को खराब करना चाहती है।...
उकलाना के कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा पर नगरपालिका चुनाव के दौरान हलके का माहौल बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से चुनाव के लोकतांत्रिक माहौल को खराब करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता के पास से हथियार बरामद होना इस बात का सीधा प्रमाण है कि भाजपा इस चुनाव को जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। विधायक सेलवाल ने ने कहा कि जब पूरे सूबे में चुनावी आचार संहिता लगी हुई है और नियमानुसार सभी लाइसेंसों धारकों के हथियार पुलिस थानों में जमा करवा लिए जाते हैं, तो ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता के पास से सरेआम हथियार मिलना गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। विधायक ने तंज कसा कि ठीक दो दिन बाद उकलाना में प्रदेश के मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है और सरकार के बड़े-बड़े मंत्री इस समय खुद क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। ऐसे संवेदनशील समय में हथियार का सामने आना स्थानीय पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में बहुत बड़ी और अक्षम्य चूक है।

