भाकियू करनाल में 6 को निकालेगी ट्रैक्टर परेड : रतनमान
करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तत्वावधान में चल रहा किसान आंदोलन अब और निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने शासन और प्रशासन...
करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तत्वावधान में चल रहा किसान आंदोलन अब और निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने शासन और प्रशासन की लापरवाही पर गहरी चिंता जताते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अड़ियल रवैये और लगातार अनदेखी के चलते 6 मार्च को करनाल में भाकियू की ओर से ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी। रतन मान ने प्रशासन पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पिछले 24 दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो मजबूरी में आंदोलन को और कड़ा करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरनास्थल पर जिला स्तरीय किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष जताया गया। जिला स्तरीय पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन ने की।
पंचायत में श्याम सिंह मान, उत्तरी हरियाणा प्रभारी मेहताब कादियान, प्रदेश महासचिव भूपेंद्र सिंह लाडी विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके अलावा दिलावर सिंह डबकोली, जिला महासचिव सुरेंद्र बैनीवाल, सुरेंद्र सांगवान, धनेतर राणा, जोगिंदर झिंडा, रामफल नरवाल, बाबू राम डाबरथला, अनिल गुज्जर दिलावरा, रणबीर कतलहेड़ी, सतबीर गढ़ीबीरबल, राम दुरेजा, रमेश बस्ताड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

