आठ जिलों के कलाकार कुरुक्षेत्र में उकेर रहे हरियाणवी संस्कृति के रंग
कला कीर्ति भवन में 2 दिवसीय चित्रकला शिविर शुरू
हरियाणा कला परिषद द्वारा कुरुक्षेत्र स्थित कला कीर्ति भवन में बुधवार को 2 दिवसीय चित्रकला शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से नामचीन और प्रतिष्ठित चित्रकार हिस्सा ले रहे हैं, जो कैनवास पर रंगों और तूलिका के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति, लोक कला और ग्रामीण परिवेश की खूबसूरत झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने सभी आमंत्रित चित्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। कलाकारों की हौसलाअफजाई करते हुए उपाध्यक्ष महेश जोशी ने कहा कि कला समाज का दर्पण होती है और इस प्रकार के आयोजनों से हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को न केवल संरक्षण मिलता है, बल्कि युवा पीढ़ी भी अपनी जड़ों से जुड़ती है।
ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे शिविर में प्रदेश के 8 जिलों के दिग्गज चित्रकारों का जमावड़ा लगा है। शिविर में मुख्य रूप से करनाल से विरेंद्र वर्मा, पानीपत से मोहित जांगड़ा, सोनीपत से रीना चौधरी व दुर्गेश, फरीदाबाद से रामओंकार, रोहतक से मोहन जांगड़ा व शैलेंद्र, कैथल से अंजलि धीमान, हिसार से मनोज बजाज और गुरुग्राम से के. विश्वनाथन अपनी कला का हुनर प्रदर्शित कर रहे हैं। शिविर के पहले दिन कलाकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कलाकारों ने एक ओर जहां हरियाणा प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और ठेठ ग्रामीण परिवेश के विविध रंगों को जीवंत रूप में कैनवास पर उकेरा, वहीं दूसरी ओर कुरुक्षेत्र की इस पावन धरा के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व को दर्शाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश के अलौकिक दृश्यों को भी कैनवास पर बेहद खूबसूरती से उतारने का अद्भुत प्रयास किया। दो दिवसीय शिविर में तैयार होने वाली ये कृतियां कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।

