अंकित की स्वर्णिम उपलब्धि ने प्रदेश का नाम विश्व पटल पर किया रोशन : पंवार
एशियाई खेलों में गोल्ड जीत गांव नौल्था पहुंचे जागलान का स्वागत
एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अपने पैतृक गांव नौल्था पहुंचे युवा खिलाड़ी अंकित जागलान का ग्रामीणों ने ढोल-डीडे, आतिशबाजी और फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।
ग्रामीण डाहर टोल पर वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे और रास्तेभर जश्न मनाते हुए उन्हें नौल्था लेकर आए। स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अंकित ने अपने गांव नौल्था, पानीपत जिले और पूरे हरियाणा का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने भी अंकित जागलान को बधाई दी।
वहीं इससे पवहले मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसराना मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित खरीद एजेंसियों और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और अन्नदाता की फसल का एक-एक दाना पारदर्शिता के साथ खरीदा जाए।

