फतेहाबाद में स्कूल गेट में घुसा बेकाबू ट्राला, टला बड़ा हादसा
रतिया रोड पर गांव अयाल्की में सोमवार को तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मेन गेट में जा घुसा। हादसे के समय स्कूल की छुट्टी नहीं हुई थी और गेट के पास कोई छात्र या स्टाफ...
रतिया रोड पर गांव अयाल्की में सोमवार को तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मेन गेट में जा घुसा। हादसे के समय स्कूल की छुट्टी नहीं हुई थी और गेट के पास कोई छात्र या स्टाफ मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ट्राला रतिया की तरफ से आ रहा था। गांव के पास ब्रेकर पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्राले का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्राला सड़क से उतरकर सीधे स्कूल के मुख्य गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट का बना मेन गेट पूरी तरह टूट गया और उसके टुकड़े दूर तक बिखर गए। बाद में ट्राला गेट के पास खड़े एक पेड़ से टकराकर रुका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे में स्कूल गेट के साथ-साथ वहां से गुजर रही बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे झूल गईं। ग्रामीणों ने बताया कि जिस गेट में ट्राला घुसा, उस गेट से तीन सरकारी स्कूलों के बच्चे रोजाना आते-जाते हैं। हादसा स्कूल की छुट्टी से 20 मिनट पहले हुआ।

