अम्बाला छावनी की बदलेगी सूरत, 89 किमी. बिछेगा स्टार्म वाटर पाइप लाइन नेटवर्क
ऊर्जा मंत्री ने 58 करोड़ के प्रोजेक्ट को दी मंजूरी, गंदगी व जलभराव से मिलेगी मुक्ति
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी की सूरत बदलने के लिए एक बड़े ड्रेनेज प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया है। स्टार्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत अब पूरी छावनी में जल निकासी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। विज ने बताया कि सदर क्षेत्र में इस सिस्टम की सफलता के बाद अब शेष अम्बाला छावनी में 89 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे खुली नालियों की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने अपने आवास पर जनस्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पहले चरण के लिए 58 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है।
मंत्री विज ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से कॉलोनियों में अभूतपूर्व परिवर्तन आएगा। ओपन नालियों को बंद कर पाइपलाइन डाली जाएगी, जिससे न केवल जल निकासी बेहतर होगी, बल्कि लोगों को गंदगी और मक्खी-मच्छरों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य योजना को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जाए। बैठक में चर्चा के दौरान बताया गया कि सदर बाजार क्षेत्र में यह प्रयोग बेहद प्रभावी रहा है। वहां 12 क्रॉस रोड तक लगभग 144 नालों को भूमिगत किया जा चुका है, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या न्यूनतम हो गई है। मुख्य सेंट्रल नाले के भूमिगत होने से क्षेत्र में साफ-सफाई का स्तर सुधरा है, जिसे अब पूरी छावनी में लागू किया जा रहा है।
- पहले चरण के क्षेत्र : बीसी बाजार, लालकुर्ती, आउटर लार्ज रोड (बिजली बोर्ड से एसडी विद्या स्कूल तक), ट्रिब्यून कॉलोनी, गोविंद नगर, हाउसिंग बोर्ड, सुभाष कॉलोनी और कस्तूरबा कॉलोनी।
- दूसरे चरण की योजना : जगाधरी रोड के दूसरी तरफ महेश नगर से लेकर अंतिम छोर पर स्थित डिफेंस कॉलोनी तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसकी विभागीय योजना तैयार है और जल्द ही सरकार से मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

