कांग्रेस के सभी 37 विधायक चट्टान की तरह मजबूत, कोई नहीं डिगा सकता : जयप्रकाश
सांसद ने सुनीं जनसमस्याएं, भाजपा पर लगाया 'वोट चोरी' का आरोप
राज्यसभा चुनाव को लेकर निर्दलीय उम्मीदवार पर साधा निशाना
सांसद जयप्रकाश ने शुक्रवार को उचाना स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि पार्टी के सभी 37 विधायक चट्टान की तरह मजबूत हैं और दुनिया की कोई भी ताकत उन्हें विचलित नहीं कर सकती। राज्यसभा के निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांगल के संदर्भ में सांसद ने कहा कि वे भाजपा समर्थित ही हैं। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि जिस तरह से वे आए हैं, वैसे ही वापस चले जाएंगे।
भाजपा पर हमला बोलते हुए जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि पार्टी ने हरियाणा में 'वोट चोरी' करके सत्ता हासिल की है, लेकिन अब प्रदेश की जनता उनकी असलियत समझ चुकी है। उचाना क्षेत्र की मांगों का जिक्र करते हुए जयप्रकाश ने मुख्यमंत्री के उस फैसले पर सवाल उठाए, जिसमें रजबहा बनवाने की मांग पर कमेटी गठित करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि कमेटी बनाने से रजबहा नहीं बनता। कमेटियों के पास कोई वास्तविक अधिकार नहीं होते, यह केवल मांगों को टालने का एक तरीका है। इस अवसर पर वीरेंद्र प्रधान, राजा मोर, भूप खटकड़ और बलवान काकड़ौद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बुजुर्गों को मिले समान पेंशन
सांसद जयप्रकाश ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने वकालत की कि 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बुजुर्गों को समान रूप से पेंशन मिलनी चाहिए, चाहे उनके पास कितनी भी संपत्ति क्यों न हो। उन्होंने तर्क दिया कि जिस प्रकार पूर्व सांसदों, विधायकों और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पेंशन मिलती है, उसी तर्ज पर प्रदेश के हर बुजुर्ग का समान अधिकार सुनिश्चित होना चाहिए।

