चक्कर कटवाने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
लाडवा में जनसंवाद कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी ने सुनी समस्याएं, कहा
शहर में सीवरेज पाइप लीक मामले में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि शाम तक इस लीकेज को दुरुस्त किया जाए। वहीं, कर्मचारी से फर्जी बिलों पर साइन करने का दबाव बनाने वाले वन विभाग के अधिकारी पर सीएम ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान सीएम ने 225 समस्याओं को सुना और मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, डीसी विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल मौजूद रहे।
जनसंवाद कार्यक्रम में रिटायर्ड सैनिक गुरमीत ने अपनी शिकायत में वन विभाग के अधिकारी द्वारा फर्जी बिलों पर साइन करने का दबाव बनाने की बात कही गई। उसने कहा कि इतना ही नहीं जब बिलों पर हस्ताक्षर करने से इंकार किया गया तो उस पर कार्रवाई करने का दबाव बनाया गया। इस शिकायत पर सीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लाडवा के लोगों की समस्याओं का समाधान करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को फटकार लगाई और कहा कि जब कोई नागरिक अपनी समस्या लेकर आता है तो अधिकारी तुंरत संज्ञान लें और समस्या का समाधान करें। कोई अधिकारी किसी नागरिक की समस्या का दो या तीन चक्कर लगाने के बाद समाधान नहीं कर रहा तो ऐसे कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलाल माजरा निवासी सुभाष के सोलर लाइट लगाने की परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों की मुख्यमंत्री ने डीसी को जांच के निर्देश दिए। टाटकी की नर्सरी के खिलाड़ियों को डाइट का पैसा न मिलने के मामले में डीसी को जांच करने के निर्देश दिए। जनसंवाद कार्यक्रम में बलजिंदर ने मुख्यमंत्री को बताया कि 15 जून 2024 से शुरू नर्सरी में खिलाड़ियों को डाइट का पैसा नहीं दिया जा रहा है। इसी तरह सीएम ने पुलिस को निर्देश दिए कि ठगी के आरोपी पर लगे आरोप साबित हो चुके हैं तो आरोपी की प्रॉपर्टी को अटैच किया जाए। राजीव की शिकायत पर बिजली निगम के अधिकारी को निर्देश दिए कि पूरे मामले की जांच करें और पता लगाएं कि जब परिवार यहां नहीं रहता तो बिजली चोरी का केस कैसे और किसने बनाया। इस मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर पेश की जाए। इसी तरह कलाल माजरा निवासी महेंद्र की शिकायत पर उनके डेरे में रहने वाले 20 घरों को बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरपाल को उसकी बहन की शादी के लिए आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, जयभगवान शर्मा डीडी, नगर पालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता , मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह मौजूद थे।

