नये कोर्ट परिसर बनाने का मुख्य उद्देश्य एक्सेस-टू जस्टिस : सूर्यकांत
सीजेआई ने बरवाला में किया नयी अदालत का शुभारंभ, कोर्ट कॉम्लेक्स की रखी आधारशिला
भारत के मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति (सीजेआई) सूर्यकांत ने कहा कि सभी लोगों को जल्द न्याय मिले, इसके लिए नये कोर्ट परिसर स्थापित किये जा रहे, अदालतें जितनी नजदीक होंगी, उतना ही व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्याय की लड़ाई लड़ सकता है। बरवाला में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में सीजेआई सूर्यकांत बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इससे पहले सीजेआई ने बरवाला में बनी नयी अदालत का शुभारंभ किया और उसके साथ ही बनने वाले नये कोर्ट कॉम्पलेक्स की आधारशिला रखी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायधीश न्यायमूर्ति शील नागू, न्यायाधीश अलका सरीन, न्यायाधीश एचएससेठी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ईशा खत्री व सौरव खत्री व एसीजेएम अनुराधा मौजूद रहे। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि नये कोर्ट परिसर बनाने का मुख्य उद्देश्य एक्सेस-टू जस्टिस यानी लोगों तक न्याय को सरल, सुलभ और सस्ता बनाना है। न्याय आपके द्वार की अवधारणा पर चलते हुए आमजन के पास न्यायिक परिसरों का निर्माण किया जा रहा है जोकि गरीब व्यक्तियों के लिए न्याय प्राप्त करने में काफी कारगर साबित हो रहे है।
उन्होंने हरियाणा सरकार को बधाई देते हुए कहा कि बरवाला में सोमवार से न्यायिक कार्य प्रारंभ हो जाएगा। संविधान निर्माताओं ने हर राज्य में हाईकोर्ट की व्यवस्था इसी सोच के साथ की थी कि नागरिकों को अपने मौलिक, नागरिक व मानवाधिकारों के लिए दिल्ली तक न जाना पड़े, बल्कि वे अपने ही राज्य में न्याय प्राप्त कर सकें। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि हरियाणा सरकार ने न्यायिक अवसंरचना के विकास में सदैव सहयोग किया है। अपने कार्यकाल के दौरान वे हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन भी रहे और हरियाणा में कई न्यायिक परिसरों के निर्माण में सरकार से समय पर आर्थिक सहायता मिली। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मार्गदर्शन में न्यायिक अधिकारी आम आदमी के कष्टों को समझते हुए न्याय प्रदान करेंगे और गुणवत्ता पूर्ण न्याय देने में प्रदेश देश में अग्रणी बनेगा।
बरवाला के विधायक गंगवा ने किया स्वागत
मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सीजेआई सूर्यकांत का अपने निर्वाचन क्षेत्र व अपनी पैतृक धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन बरवाला के लिए गौरव का दिन है। अपनी न्यायिक सुझबूझ से न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हरियाणा के साथ-साथ देश का मान बढ़ाया है। आज वे न्यायिक प्रक्रिया में सर्वोच शिखर पर पंहुचे हैं, जोकि युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। प्रदेश सरकार न्याय ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। न्याय की चौखट आम जन तक पंहुच रही है, अब लोगों को न्याय के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम में बार प्रधान दिनेश सैनी ने मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत को स्मृतिचिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार, डीसी महेन्द्र पाल, एसपी शंशाक आनंद, पूर्व सांसद डीपी वत्स, पूर्व मंत्री अनूप धानक, एसडीएम वेद प्रकाश मौजूद रहे।

